कोरबा। पुलिस छोटी मोटी प्रकरणों को सुलझाकर खुद की पीठ थप थपाने से नही चूकती, लेकिन बड़े प्रकरणों को सुलझाने में पुलिस के पसीने आ जाते हैं। बाइक सवार दो बदमाशों ने सरेराह युवती से मोबाइल व नगदी की लूट का अंजाम दे दिया। इसके पहले एक महिला चेन स्नेचिंग की शिकार हुई थी। इन दोनों ही मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। पुलिस आरोपियों तक पहुंचने सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि चिमनी भट्टा में नेहा पांडेय निवास करती है। वह हीरानंद काम्प्लेक्स स्थित कपड़े की दुकान में काम करती है। नेहा 22 जून की रात करीब 9.50 बजे दुकान से वेतन लेकर घर लौट रही थी। वह सुनालिया- टीपी नगर मुख्यमार्ग में एक्सिस बैंक के पास पहुंची थी। किसी से बात करने नेहा ने मोबाइल को निकालकर कान के पास लगाए। वह बातचीत करती, इससे पहले ही पीछे से बाइक सवार दो युवक पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने नेहा के हाथ से मोबाइल छिन लिया। नेहा ने मोबाइल के सामने हिस्से में वेतन की रकम को भी रखा था। वह कुछ समझ पाती, इससे पहले बदमाश 9 हजार 840 रूपए नगदी के अलावा वीवों कंपनी की मोबाइल को लूटकर नौ दो ग्यारह हो गए। इस बीच नेहा ने दोनों युवक का हुलिया देख लिया था। वे करीब 22 से 24 साल के थे। उनकी कद करीब पांच फीट थी। बाइक चलाने वाला डार्क ब्लू रंग का शंट पहना हुआ था। घटना की शिकायत नेहा ने सीएसईबी पुलिस चौकी पहुंचकर दी। सूत्रों की मानें इसके तीन दिन पहले भी एक घटना घटित हुई थी। जिसमें मीना नामक एक महिला आदर्श बस में सवार होकर बिलासपुर से सीएसईबी बस स्टाप पहुंची। वह बस से उतरी तो गले से सोने की चेन गायब मिली, जिसकी सूचना पीडि़ता ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने छानबीन भी शुरू की,लेकिन कोई अहम जानकारी हाथ नही लगी। पुलिस युवती से हुई लूट के मामले में भी आरोपियों तक पहुंचने सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, लेकिन घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पहुंच से दूर हैं।
![]()
































