बांकी मोंगरा | दबंग न्यूज
नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा के वार्ड क्रमांक 25 से 30 तक विकास के दावों की जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। इन वार्डों की प्रमुख सड़कें जगह-जगह बड़े गड्ढों, जलभराव और कीचड़ से पट चुकी हैं। हल्की बारिश होते ही सड़कें तालाब का रूप ले लेती हैं, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी शालिक राम दुबे (भाजपा मंडल उपाध्यक्ष )ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो जिम्मेदार लोग इस गंभीर समस्या को देखकर भी अनदेखा कर रहे हैं।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह सड़क गेवरा क्षेत्र के कई स्कूलों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं इसी रास्ते से होकर स्कूल पहुंचते हैं। सड़क पर भरे पानी और फिसलन भरे कीचड़ के कारण हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। दोपहिया वाहन चालक भी गिरकर घायल होने का जोखिम उठाने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विकास के बड़े-बड़े दावे केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि धरातल पर बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बदहाल है। नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि आम जनता और स्कूली बच्चों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
अब सवाल यह है कि आखिर कब जागेगा नगर पालिका प्रशासन? क्या किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किया जा रहा है, या फिर वार्ड 25 से 30 के नागरिकों को भी मूलभूत सुविधाओं का अधिकार मिलेगा?
दबंग न्यूज इस जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से उठाता रहेगा, जब तक जिम्मेदार विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर देता।
![]()
































