बांकी मोंगरा (कोरबा)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बांकी मोंगरा ने विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बांकी मोंगरा मेन चौक से सोमवारी बाजार तक पैदल मार्च करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी की तथा आमजन के बीच अपनी बात रखी।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताएं, नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण, बढ़ती आत्महत्याएं, लगातार बढ़ते बिजली बिल तथा नकटी गांव के लोगों के साथ कथित अन्याय जैसे मुद्दों पर सरकार जवाब देने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि इन्हीं विषयों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत ब्लॉक स्तर पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।
रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और जनहित से जुड़े मुद्दों पर जनता का समर्थन भी मांगा। नेताओं ने कहा कि जनता की समस्याओं और अधिकारों को लेकर कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम में जिला ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रभा तंवर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय आजाद, नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, प्रदीप अग्रवाल, परमानंद सिंह, सुनील पाण्डे, हेमंत साहनी, संदीप डहरिया, बजरंग दास, निक्कू कुकरेजा, लालू साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नोट: यह समाचार कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों और विरोध प्रदर्शन पर आधारित है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है तथा संबंधित पक्ष का पक्ष इसमें शामिल नहीं है।
![]()
































