कोरबा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अश्वनी मिश्रा ने एसईसीएल के सब एरिया मैनेजर को तृतीय स्मरण पत्र सौंपा है। उन्होंने पत्र के माध्यम से कटाईनार मुख्य मार्ग में संजय पान ठेला के पास स्थित पुलिया में तत्काल साइड वॉल (सुरक्षा दीवार) निर्माण व रोड मरम्मत कराने की मांग की है।
पार्षद श्री मिश्रा ने पत्र में उल्लेख किया है कि उक्त पुलिया के दोनों ओर सुरक्षा दीवार नहीं होने तथा रोड धंसने और अत्यंत जर्जर होने के कारण आम नागरिकों, राहगीरों व वाहन चालकों को दुर्घटना का लगातार खतरा बना हुआ है। पूर्व में भी उक्त स्थल पर घटना घट चुकी है। इस संबंध में 25 जुलाई 2025 व 21 जनवरी 2026 को पत्र भेजकर ध्यान आकर्षित कराया गया था तथा 21 मई 2026 को सुशासन तिहार शिविर में भी आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई है। पार्षद ने कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था व मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी एसईसीएल प्रबंधन की होगी। उन्होंने एसईसीएल प्रबंधन से जनहित को ध्यान में रखते हुए पुलिया में शीघ्र साइड वॉल निर्माण व आवश्यक रोड मरम्मत कार्य प्रारंभ कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
![]()
































