कोरबा। नगर पालिका परिषद् दीपका के वार्ड क्रमांक 10 (तिड़के गली) के निवासी लंबे समय से पानी की समस्या झेल रहे हैं। क्षेत्र में लगातार बने भीषण जल संकट के कारण स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिसे लेकर महिलाओं ने आंदोलन का ऐलान किया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे अपनी इस बुनियादी मांग को लेकर कई बार नगर पालिका के चक्कर काट चुके हैं। वार्ड में पानी की सप्लाई के लिए एक सिंटैक्स (पानी की टंकी) तो रखवा दिया गया है, लेकिन पानी पहुंचने की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे उसमें पानी नहीं रहता। टंकी के निकट कोई बोर भी नहीं है, जिससे मोहल्ले की महिलाओं में आक्रोश है। वार्डवासियों ने बताया कि उन्होंने सुशासन तिहार के दौरान भी शासन के समक्ष अपनी व्यथा रखी थी। नया बोर खनन कराने की मांग की थी। इतने दिन बीत जाने के बाद भी आवेदन पर अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।प्रशासन के इस उदासीन रवैये से जनता में भारी रोष है। वार्ड की महिलाओं का कहना है कि बिना पानी के दैनिक कामकाज पूरी तरह ठप्प हो चुके हैं। यदि दीपका नगर पालिका प्रशासन ने जल्द ही तिड़के गली में नियमित जल आपूर्ति और बोर कनेक्शन की व्यवस्था नहीं की तो पीड़ित लोग उग्र कदम उठाने को मजबूर होंगे। वार्ड वासियों ने चेतावनी दी है कि समस्या का त्वरित समाधान न होने पर वे जल्द ही नगर पालिका कार्यालय का घेराव करेंगे।
![]()
































