कोरबा। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद चालक नशे में वाहन चलाने से बाज नहीं आ रहे। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें नशे में धुत चालक यात्रियों की जान जोखिम में डालकर कर बस का परिचालन कर रहा था। पुलिस ने बस के डिक्की की तलाशी ली तो वह बकरियों से भरी थी। मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी ने सड़क हादसे पर अंकुश लगाने वाहनों की जांच के निर्देश जारी किए हैं। उनके निर्देश एएसपी नीतिश ठाकुर व एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पेंड्रा से यात्रियों को लेकर कोरबा आ रही जय श्री बस सर्विस क्रमांक सीजी 10 एएस 3194 मौके पर पहुंची। पुलिस के होश उस वक्त उड़ गए, जब चालक की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। ब्रेथ एनालाइजर का कांटा 169 एमजी तक जा पहुुंचा, जो सामान्य से बहुत ज्यादा था। नशे की हालत में बस चलाने की बात सामने आने पर पुलिस ने चालक से पूछताछ की। इस दौरान उसने अपना नाम ग्राम सेमरा शैला के ठिहाई मोहल्ला निवासी पंकज यादव 34 वर्ष बताया। उसने नशे में वाहन चलाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने बस के डिक्की की तलाशी ली तो बकरियों को ठूंसकर ले जाने की बातें सामने आई। इस संबंध मे पूछताछ करने पर न तो संतोषजनक जवाब मिला और न ही कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत किया जा सका। बहरहाल मामले में पुलिस ने बस को जप्त करते हुए आरोपी चालक के खिलाफ एमवी एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। इसके अलावा अवैध पशु परिवहन से संबंधित धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई है।
![]()
































