कोरबा। मौसम का मिजाज बदलने से रोज गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। कनकी शिव मंदिर परिसर में आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर परिसर में लगे लाइट और इनवर्टर उड़ गए। दूसरी ओर पक्षियों की सुरक्षा के लिए लगाया गया तड़ित चालक कबाड़ में तब्दील हो गया है। यह तो अच्छा हुआ कि पक्षियों को कुछ नहीं हुआ। रामपुर में गाज की चपेट में आकर पांच पक्षियों की मौत हो चुकी है। कनकी में हर साल ओपन बिल स्टार्क हजारों की संख्या में पहुंचते हैं। पक्षियों को मानसून का दूत माना जाता है। मंदिर परिसर के पेड़ों पर उनका बसेरा रहता है। दीपावली के समय लौट जाते हैं। वन विभाग ने पक्षियों की सुरक्षा के लिए लाइट के साथ ही तड़ित चालक लगाया था, लेकिन वह काम नहीं कर रहा है। लोगों ने बताया कि गाज गिरने से मंदिर में लगे लाइट और इनवर्टर को नुकसान हुआ है। हर साल यहां पेड़ पर गाज गिरने से पक्षियों की मौत हो जाती है। वन के अनुसार पक्षियों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। आगे इसकी सुरक्षा के लिए और भी प्रयास किया जाएगा।
![]()
































