बांकीमोंगरा, प्रतिनिधि। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी-हिंदी माध्यम विद्यालय, बांकीमोंगरा में सोमवार को शाला प्रवेशोत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में एसएमडी अध्यक्ष अजीत केंवट, भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, विधायक प्रतिनिधि जनकराम यादव, युवा नेता प्रकाश झा, देव राजपूत, श्रीमती माधूरी केंवट सहित विद्यालय के प्राचार्य एस. डिडोरे, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य एस. डिडोरे ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और संस्कार ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने नए सत्र में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।
मुख्य अतिथि श्रीमती सोनी विकास झा ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।” उन्होंने कहा कि शासन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा पढ़ाई के साथ नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों की शिक्षा देने का आग्रह किया। साथ ही नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर अध्ययन करने और अपने माता-पिता, विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके साथ ही सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा और नए शैक्षणिक सत्र को लेकर विद्यार्थियों के चेहरों पर विशेष खुशी एवं उत्सुकता देखने को मिली।
— दबंग न्यूज, बांकीमोंगरा
![]()
































