कोरबा। सुदूर वनांचल क्षेत्र के गांव में रात को झोपड़ी में सो रहे ग्रामीण और उसकी वृद्ध मां पर टंगिया से हमला किया गया। घटना में मां की मौत हो गई, वहीं बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना पाली थाना के चैतमा चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत ईरफ के हर्राडीह मोहल्ला में शनिवार की देर रात करीब 11 बजे हुई। जहां अंधेरे में एक व्यक्ति चैतराम धनवार के झोपड़ी में घुस गया और सोते समय उसपर टंगिया से हमला कर दिया। इस दौरान चैतराम का जबड़ा टूट गया, उसके चिल्लाने पर उसकी पत्नी बचाने के लिए पहुंची तो आरोपी ने उसपर भी हमला कर दिया। वहां से भागकर आरोपी पास ही दूसरी झोपड़ी में खाट पर सो रही चैतराम की वृद्ध मां समारिन बाई (65) के कनपटी पर टंगिया से वार किया। परिजन वहां पहुंचे तो समारिन बाई की मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को देकर डायल 112 की मदद ली गई। घायल चैतराम को पाली अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया। वहीं मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। परिजन व ग्रामीणों के बयान के आधार पर जमीन विवाद पर हमले की आशंका से संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ईरफ पंचायत का हर्राडीह मोहल्ला पहुंचविहीन गांव है। सड़क नहीं बने होने हर्राडीह मोहल्ला पहुंचविहीन गांव है। सड़क नहीं बने होने की वजह से पगडंडी मार्ग से ग्रामीण पैदल ही आवाजाही करते हैं।शनिवार की रात हुए घटना के बाद घायल चैतराम को पैदल ही कई किमी चलकर डायल 112 के वाहन तक पहुंचना पड़ा था। वहीं उसकी बुजुर्ग मां के शव को भी पीएम कराने ग्रामीणों को गांव से तिलाईकुंडी तक लकड़ी के सांगा (उल्टा खाट) में ले जाना और लाना पड़ा।
![]()
































