कोरबा। गोढ़ी के समीप कुछ बदमाशों ने पिकअप चालक को रोक लिया। उनके अन्य साथी भी पीछा करते मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गौ तस्करी के शक में जशपुर से शिक्षक का सामान लेकर आ रहे पिकअप चालक की हाथ मुक्के, बेल्ट से पिटाई कर दी। इस दौरान वे खुद एक संगठन का कार्यकर्ता बताते रहे। उन्होंने चालक पर दबाव बनाते हुए एक वीडियो भी तैयार कर लिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। किसी तरह थाना पहुंचकर चालक ने शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने जुर्म दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। घटना रविवार की देर रात घटित हुई। बताया जा रहा है कि सोनू शर्मा नामक युवक पिकअप चालक का काम करता है। वह सुबह पिकअप क्रमांक सीजी 13 एएम 7356 में पशु आहार लोडकर जशपुर के बगीचा गया था। उससे लौटते समय एक शिक्षक की मुलाकात हुई। शिक्षक का तबादला बालको हुआ है, लिहाजा उसे घरेलू सामान बालको लाना था। शिक्षक के कहने पर सोनू पिकअप में घरेलू सामान लाने तैयार हो गया। वह सामान को लेकर कोरबा की ओर आ रहा था। इसी दौरान भैसमा के समीप दो बाइक में सवार चार युवक ने उसे रोक लिया। वे सोनू से पूछताछ करने लगे। सोनू गाड़ी में घरेलू सामान लोड होने की बात कहते हुए आगे बढ़ गया। वह गोढ़ी के समीप पहुंचा था। इस बीच दो तीन युवकों ने पुन: रोक लिया। उन्होंने पिकअप की तलाशी लेने के बाद सामान होने की जानकारी किसी को दी, लेकिन वे चालक को रोककर रखने की बात कही। बाइक सवार युवक भी पीछा करते गोढ़ी पहुंच गए। उन्होंने खुद को एक संगठन का कार्यकर्ता बताते हुए चालक से मारपीट शुरू कर दी। उस पर हाथ मुक्के के अलावा बेल्ट, रॉड व पत्थर से भी हमला कर दिया। चालक के खून से लथपथ होने के बाद भी बदमाशों का दिल नही पसीजा। उन्होंने गलत बयान देने का दबाव बनाते हुए एक वीडियो तैयार कर दिया। इसके बाद चालक को खून से लथपथ छोड़ भाग निकले। घटना के दौरान चालक ने चिंटू व शनि नामक युवकों को एक दूसरे का नाम लेते सुन लिया था। वह किसी तरह वाहन सहित थाना पहुंचा। उसने मामले की शिकायत पुलिस से कर दी। मामले में पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
![]()
































