कोरबा। नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा हसदेव नदी के संरक्षण, स्वच्छता और जनजागरण के उद्देश्य से आयोजित हसदेव आरती का प्रथम वार्षिकोत्सव देवशयनी एकादशी पर माँ सर्वमंगला मंदिर घाट में श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और प्रकृति प्रेमियों ने भाग लेकर हसदेव नदी के संरक्षण व स्वच्छता का सामूहिक संकल्प लिया। समिति द्वारा आयोजित विशेष अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हसदेव नदी और उसके प्राकृतिक स्वरूप को संरक्षित रखने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ हसदेव आरती में भाग लिया और नदी को स्वच्छ व प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के लिए समाज की सहभागिता को आवश्यक बताया गया। वार्षिकोत्सव संत राम रूप दास महात्यागी, प्रदेश अध्यक्ष, अखिल भारतीय संत समिति, छत्तीसगढ़ रामाश्रय हरिहर क्षेत्र केदार, मदकू द्वीप के सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान की, वहीं नदियों के महत्व को ध्यान में रखकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में महापौर संजूदेवी राजपूत उपस्थित रहीं। विशिष्ट यजमान के रूप में हितानंद अग्रवाल, धन कुमारी गर्ग, उर्वशी राठौर तथा अजय कुमार चन्द्रा सहित अन्य ने सहभागिता निभाई। महापौर ने समिति के दर्री बाँध से कुदूरमाल पुल तक नदी के दोनो किनारे पर रिवर फ्रंट के निर्माण के मांग पर विचार-विमर्श कर कार्य करने की बात कहीं, सभी जनप्रतिनिधियों ने भी हसदेव नदी के संरक्षण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए समिति के प्रयासों की सराहना की। समिति ने बताया कि समिति लंबे समय से हसदेव नदी, उसकी सहायक नदियों तथा अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों में बढ़ते प्रदूषण को कम करने, उनके संरक्षण तथा नदी तटों के सौंदर्यीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी अभियान के तहत प्रत्येक माह पूर्णिमा के अवसर पर माँ सर्वमंगला मंदिर घाट में हसदेव आरती का आयोजन किया जाता है, जिसमें लगातार बढ़ती संख्या में नागरिक शामिल होकर नदी संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त कर रहे हैं।
![]()
































