कोरबा। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 149-बी कोरबा-चाम्पा फोरलेन पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रबंधन को सिर्फ टोल टैक्स वसूली से सरोकार है, जबकि जनता की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े सर्विस रोड की मरम्मत को लेकर वह पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।
बरपाली में सर्विस रोड की – बदहाली के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों में भारी आक्रोश है। फोरलेन निर्माण के निर्धारित नियमों के अनुसार मुख्य मार्ग के साथ-साथ सर्विस रोड का रखरखाव और मरम्मत भी एनएचएआई के प्रावधानों में शामिल है। इसके बावजूद, बरपाली का सर्विस रोड बदहाली के आंसू रो रहा है।स्थिति यह है कि मुख्य मार्ग से बरपाली होते हुए बरपाली सलिहाभांठा, तुमान और सक्ति मार्ग जाने के लिए लोग जैसे ही सर्विस रोड पर मुड़ते हैं, महज 100 मीटर बाद ही उनका सामना जानलेवा गड्डों से होता है। रोड का एक हिस्सा लंबे समय से जमीन विवाद के कारण आज तक डामरीकृत ही नहीं हो सका है, जिससे वहां धूल और कीचड़ रहता है। जिस हिस्से का डामरीकरण किया भी गया था, वह घटिया निर्माण के कारण महज डेढ़ साल में ही पूरी तरह उखड़ चुका है। डामर की परतें गायब हो चुकी हैं और सड़क बड़े-बड़े गड्डों में तब्दील हो गई है। मामले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की खामोशी भी क्षेत्र के लोगों का गुस्सा बढ़ा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि नेता सिर्फ चुनाव के समय वोट मांगने आते हैं, लेकिन रोजाना की इस जानलेवा समस्या पर सबने आंखें मूंद ली हैं। एनएचएआई प्रबंधन की लापरवाही अब आम जनता की जान पर भारी पड़ रही है। इस मार्ग पर आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं और बड़े हादसों का भय लगातार बना हुआ है। परेशान ग्रामीणों ने अब प्रशासन और एनएचएआई को चेतावनी दी है। यदि शीघ्र ही इस खस्ताहाल सर्विस रोड की मरम्मत नहीं की गई, तो ग्रामीण सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन और चक्काजाम करने को मजबूर होंगे।
![]()
































