कोरबा। ग्राम पंचायत रजगामार में स्वीकृत पीडीएस भवन को लेकर सरपंच उपसरपंच आमने सामने आ गए हैं। भवन के कार्य को प्रारंभ करने की अनुमति की मांग को लेकर ग्राम पंचायत रजगामार सरपंच हरिसिंह राठिया सहित पंचों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कोरबा को ज्ञापन सौंपा है। सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि ग्राम पंचायत रजगामार में पीडीएस भवन स्वीकृत हुआ है जिसका कार्य प्रारंभ हो चुका है। जिस पर उपसरपंच की शिकायत के पश्चात कार्य बंद करने जनपद सीईओ का पत्र प्राप्त हुआ है।पीडीएस भवन छुईढोढा स्कूल के बगल में बनाया जा रहा है वह स्थान उपयुक्त है। सरपंच ने बताया कि सन् 2021 में ग्राम पंचायत रजगामार के पीडीएस भवन को जनसंख्या के हिसाब से दो भाग में किया गया। तब उसे अस्थायी तौर पर शहीद वीर नारायण स्कूल छुईढोढा में संचालित किया गया। नवीन भवन के लिए तात्कालिन सरपंच/सचिव द्वारा छुईढोढा स्कुल के बगल में प्रस्तावित किया गया। पीडीएस भवन की स्वीकृति सन् 2025 में हुआ तब उसे ओमपुर में सम्राट चौक में प्रस्तावित किया गया, जो भूमि एस.ई.सी.एल आवासीय कालोनी के बीच में है। एसईसीएल की भूमि होने के कारण दिनांक 19.09.2025 को उपक्षेत्रिय प्रबंधक रजगामार को पत्र लिखा गया किंतु अनुमति नहीं मिल पाई। विगत 23.12.2025 को मुख्य महाप्रबंधक कोरबा को अनुमति हेतु पत्र लिखा गया। कई बार वार्तालाप हुआ, किंतु अनुमति नहीं मिल पाई। एसईसीएल से अनुमति के बगैर ओमपुर में पीडीएस भवन का निर्माण संभव नही है। उक्त भवन कार्य प्रारंभ न होने के कारण निरस्त होने के कागार पर था तब पुराने प्रस्तावित स्थल पर निर्माण कराने के लिए दिनांक 27.04.2026 को कलेक्टर को जनदर्शन में आवेदन किया गया। जिसके फलस्वरुप दिनांक 29.05.26 को पीडीएस भवन का निर्माण छुईढोडा के स्कुल के बगल में करने की अनुमति प्राप्त हुई। पीडीएस भवन से छुईढोढा, डीएम कालोनी, ओमपुर, गायत्री नगर डीपरा पारा तथा आमाड़ाड के हितग्राही लाभान्वित होंगे यह स्थल सभी पारा के बीच में है। स्कूल और पीडीएस भवन की दिशा अलग होने के कारण स्कूल के बच्चों को कोई कठिनाई नहीं होगी। उक्त स्थल शासकीय भूमि है। उक्त स्थल के आवागमन में कोई परेशानी नही है। पीडीएस भवन से प्रभावित हितग्राही के वार्ड पंच की भी सहमति है। उन्होंने कहा कि उपसरपंच द्वारा कार्य को प्रभावित करने आवेदन किया गया है।
![]()
































