कोरबा। स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के सरकारी स्कूलों में ई और टी संवर्ग में सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। कोरबा जिले में 100 समेत प्रदेश भर के प्राइमरी स्कूलों में 1497 रिक्त पदों पर भर्ती होनी है।
इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 21 अगस्त तक चलेगी। 11 अक्टूबर को भर्ती प्रक्रिया होगी। साथ ही सहायक शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए परीक्षा की तस्वीर साफ हो गई है। भर्ती परीक्षा का सिलेबस जारी होने के साथ यह भी तय हो गया है कि 100 नंबर के पेपर में सबसे ज्यादा फोकस गणित और पर्यावरण अध्ययन पर रहेगा। वहीं नई शिक्षा नीति 2020, छत्तीसगढ़ का सामान्य ज्ञान और पढ़ाने की विधि भी मेरिट तय करने में अहम भूमिका निभाएगी। ऐसे में केवल विषय याद कर लेना काफी नहीं होगा, बल्कि उन्हें पढ़ाने की समझ भी उम्मीदवारों को दिखानी होगी। भर्ती परीक्षा को तीन भागों अ, ब और स में बांटा गया है। सबसे बड़ा हिस्सा भाग-अ का है, जिसमें 50 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें हिंदी 15 अंक, अंग्रेजी 10 अंक, गणित 15 अंक और पर्यावरण अध्ययन के 10 अंक शामिल हैं। हिंदी में स्वर, व्यंजन, लिंग, बचन, मुहावरे, विलोम और अन्य व्याकरण के साथ बच्चों में भाषा विकास से जुड़े सवाल होंगे। अंग्रेजी में अनसीन पैसेज, ग्रामर, वौकेवलरी और अंग्रेजी पढ़ाने की पद्धति से प्रश्न पूछे जाएंगे।गणित में दशमलव, भिन्न, प्रतिशत, बोडजमास, चाल-समय दूरी, क्षेत्रफल व प्राचीन भारतीय गणितज्ञों के योगदान से जुड़े प्रश्न रहेंगे। पर्यावरण अध्ययन में पर्यावरण, पारिस्थितिकी तंत्र व छग की संस्कृति व रीति रिवाजों पर आधारित सवाल शामिल रहेंगे।
![]()
































