कोरबा। शहर की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली सीएसईबी कॉलोनी में शातिर चोरों ने एक अफसर के आवास को निशाना बनाकर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोर मकान के पिछले हिस्से में लगे दरवाजे की जाली काटकर अंदर दाखिल हुए और टेबल पर रखा मोबाइल व हैंडबैग लेकर फरार हो गए। हैंडबैग में करीब 20 हजार रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र रखा था। अफसर दंपती सिनेमा देखकर रात में घर लौटे, तब उन्हें चोरी की जानकारी हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सीएसईबी विभागीय आवासीय परिसर के एबी टाइप क्वार्टर की है। यहां विद्युत विभाग के सहायक अभियंता ऋषिकांत त्रिपाठी अपनी पत्नी रितिका मिश्रा के साथ निवास करते हैं। रितिका मिश्रा डीएसपीएम कोरबा पूर्व में कार्यरत हैं। बताया गया कि 12 सितंबर की शाम करीब 6.15 बजे अफसर दंपती टीपी नगर स्थित पॉम मॉल में फिल्म देखने गए थे। घर में ताला लगाकर दोनों करीब रात 9.45 बजे वापस लौटे। अंदर प्रवेश करते ही कमरे में सामान अस्त-व्यस्त पड़ा देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने मकान के पिछले हिस्से में जाकर देखा तो दरवाजे में लगी जाली कटी हुई थी। आशंका है कि चोर जाली काटकर घर के भीतर दाखिल हुए और कमरों की तलाशी लेने के बाद टेबल पर रखा पुराना मोबाइल तथा हैंडबैग ले गए। हैंडबैग में करीब 20 हजार रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र रखा हुआ था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने सहित अन्य माध्यमों से आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
![]()
































