कोरबा। शहर के रामनगर बस्ती में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बस्तीवासियों को एक मकान से ब्लास्ट की आवाज सुनाई दी। यह आवाज रसोईघर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के फटने से आई थी। ब्लास्ट की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घर की दीवाल व छज्जा क्षतिग्रस्त हो गए। रसोईघर में रखे रेफ्रिज्ररेटर सहित अन्य सामान में आग लग गई।लोगों ने घर में मौजूद महिला और दो बच्चों को बाहर निकाला। उन्होंने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना शनिवार देर रात की है। बताया जा रहा है कि मानिकपुर पुलिस चौकी अंतर्गत रामनगर बस्ती में गजानंद साहू परिवार सहित निवास करता है। बताया जा रहा है कि गजानंद घर के बाहर था। उसकी पत्नि रसोईघर में खाना बना रही थी। वह रसोईघर से निकलकर एक अन्य कमरे में अपने दो बच्चों के पास आ गई। वे आपस में बात कर ही रहे थे। इसी बीच गैस सिलेंडर की पाइप लीक होने के कारण आग लग गई। आग के लगते ही सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। जिससे घर के दिवारों में दरारें आ गई, छज्जा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। सिलेंडर में लगी आग रेफ्रिजरेटर तक जा पहुंची। थोड़ी ही देर बार रेफ्रिजरेटर भी फट गया। रसोईघर के भीतर लगी आग देखते ही देखते फैलने लगी। इस बीच ब्लास्ट की आवाज सुनकर बस्तीवासी मौके पर पहुंच चुके थे। उन्होंने सबसे पहले मकान के भीतर फंसे महिला और दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। तत्पश्चात आग को बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। बस्तीवासियों ने बाल्टी और पाइप के जरिए पानी का छिड़काव कर मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलने पर मानिकपुर पुलिस चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करते हुए परिवार से घटना की जानकारी ली। पुलिस की मानें तो गैस पाइप लिक होने के कारण घटना घटित हुई है। हादसे में किसी तरह की जानमाल को नुकसान नही हुआ है।
![]()
































