कोरबा। शहर के व्यस्त बुधवारी बाजार क्षेत्र में नो-पार्किंग जोन और सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई की। सड़क किनारे दोपहिया और चार पहिया वाहन खड़े होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई बार समझाइश के बाद भी वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर रहे थे। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए यातायात पुलिस ने बुधवारी बाजार के बाहर अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर खड़े खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन की मदद से उठाकर यातायात थाने ले जाया गया। वहीं चार पहिया वाहनों के पहियों पर व्हील लॉक लगाकर चालानी कार्रवाई की गई। यातायात एएसआई मनोज राठौर ने बताया कि सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्ती जारी रहेगी। लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करें, ताकि यातायात व्यवस्था बनी रहे।
![]()
































