कोरबा। पुलिस की लगातार समझाईश के बावजूद एटीएम सहित वित्तिय संस्थानों की सुरक्षा में कोताही बरती जा रही है। इसका खुलासा उस वक्त हुआ, जब नकाबपोश बदमाशों ने इंडीकैश एटीएम ेमें धावा बोल दिया। हालांकि चोर अपने मंसूबे पर कामयाब नही हो सके, लेकिन उन्होंने उपकरण को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलने के बाद हरकत मे आई पुलिस आरोपियों की पतासाजी कर रही है। घटना गुरूवार की देर रात घटित हुई। बताया जा रहा है कि मानिकपुर पुलिस चौकी अंतर्गत शारदा बिहार मुख्यमार्ग में इंडीकैश एटीएम लगाया गया है, ताकि उपभोक्ताओं को बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। यह एटीएम मुख्यमार्ग के किनारे और आसपास दुकानें संचालित होने के कारण सुरक्षित माना जाता था, लेकिन चोरों की करतूत से सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी। दरअसल प्रतिदिन की तरह गुरूवार की रात व्यवसायी दुकान बंद कर घर चले गए थे। व्यवसायी सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो उनकी नजर एटीएम पर पड़ी। उन्होंने करीब जाकर देखा तो एटीएम का पैनल बाक्स क्षतिग्रस्त मिला। घटना की जानकारी प्रबंधन के अलावा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण किया। तत्पश्चात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। इस दौरान एक कैमरा बंद मिला, जबकि दूसरे कैमरे में धुंधली तस्वीर कैद मिली। कैमरे में नकाबपोश चोर पैनल बाक्स में तोडफोड़ करते नजर आ रहे थे। संभावना जताई जा रही है कि घटना को अंजाम देते समय किसी की आहट पाकर चोर भाग निकले होंगे। बहरहाल पुलिस आरोपियों की पतासाजी में जुटी हुई है।
![]()
































