कोरबा। झमाझम बारिश के बीच सड़क में फिसलन से हादसे का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसी ही एक घटना गुरूवार की सुबह घटित हुई। तेज रफ्तार पिकअप से चालक ने नियंत्रण खो दिया। पिकअप सड़क कें फिसलते हुए हाईटेंशन विद्युत प्रवाहित खंभे के बाद रेलिंग में जा टकराई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे संजीवनी एक्सप्रेस के माध्यम से इलाज के लिए अस्पताल दाखिल कराया गया। घटना उरगा थानांतर्गत कनकी- भादा मार्ग में घटित हुई। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से हो रही झमाझम बारिश के कारण सड़क में फिसलन बढ़ गई है। इस बात से अंजाम चालक तेज रफ्तार में पिकअप चलाते हुए कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रहा था। उसने पिकअप से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित पिकअप सड़क में फिसलते हुए पहले हाईटेंशन विद्युत प्रवाहित खंभे से टकराने के बाद रेलिंग से जा भिड़ी। घटना में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पिकअप चालक को भी गंभीर चोटें आई। हादसा होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने चालक को किसी तरह वाहन से बाहर निकाला। साथ ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संजीवनी एक्सप्रेस की मदद से चालक को इलाज के लिए रवाना किया। पिकअप की ठोकर से हाईटेंशन विद्युत तार सहित खंभा उखड़कर गिर गया था, जिससे बड़ी अनहोनी हो सकती थी। जिसे लेकर ग्रामीणों ने विद्युत विभाग को सूचना दी। विद्युत विभाग ने तत्कान बिजली आपूर्ति बंद की, तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। क्षेत्र में खंभा गिरने की वजह से करीब तीन घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रहा। बहरहाल चालक का इलाज जारी है। उसे खतरे से बाहर बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार व सड़क में फिसलन को हादसे का कारण माना जा रहा है।
गतिअवरोधक व संकेतक की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग में अक्सर बरसात के लगते ही हादसे बढ़ जाते हैं। इस दौरान रेलिंग व विद्युत पोल के टूटने से न सिर्फ यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है, बल्कि जानमाल का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों ने रफ्तार पर अंकुश लगाने गतिअवरोधक व चालकों को सावधान करने संकेतक बोर्ड लगाने की मांग की है।
![]()
































