कोरबा। जिले में सड़क हादसों का क्रम थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 48 घंटे के भीतर 4 लोगों की जान जा चुकी है। एक बार फिर तेज रफ्तार के कारण दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए हैं। सुनालिया मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जबकि कटघोरा मुख्य मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। दोनों घटनाओं में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
बुधवार दोपहर कोतवाली थाना क्षेत्र के सुनालिया रोड पर बाइक से जा रहे दो युवकों को पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दूसरे को मामूली चोट लगी है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर फरार वाहन की तलाश की जा रही है। दूसरी घटना देर रात कटघोरा मुख्य मार्ग पर हुई। तेज रफ्तार कार चालक को अचानक झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गया। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन चालक सुरक्षित बच गया। गनीमत रही कि इस हादसे में चालक को गंभीर चोटें नहीं आईं। कार गड्ढे में फंस जाने के कारण उसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में ट्रैक्टर की मदद से टोचन कर वाहन को बाहर निकाला गया।
![]()
































