कोरबा। जिले में पहले मरीजों को ब्लड की जरूरत होने पर एक ब्लड बैंक से दूसरे का चक्कर लगाना पड़ता था। कई घंटे भटकने के बाद किसी ब्लड बैंक में संबंधित ग्रुप के ब्लड का पता चल पाता था। अब रक्तकोष एप से जिले के सभी ब्लड बैंक के जुड़ने और रोजाना जानकारी अपडेट होने से मरीजों के परिजनों को आसानी हो रही है। मोबाइल पर एक क्लिक में ब्लड बैंक में ब्लड के उपलब्धता की जानकारी मिल रही है। जिले के सभी सरकारी और निजी ब्लड बैंकों को भारत सरकार की केंद्रीयकृत ब्लड बैंक प्रबंधन प्रणाली के तहत रक्तकोष एप से जोड़ा गया है।
जरूरतमंद मोबाइल पर अपने मौजूदा जीपीएस लोकेशन के आधार पर अपने नजदीक के ब्लड बैंक का पता लगा सकते हैं। किस ब्लड बैंक में किस ग्रुप का कितना यूनिट ब्लड या प्लाज्मा उपलब्ध है, इसकी सटीक जानकारी मोबाइल स्क्रीन पर दिखाई देती है। जिले में आगामी दिनों में कहां-कहां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित होने वाले हैं, इसका पूरा शेड्यूल एप पर उपलब्ध रहता है।जो व्यक्ति रक्तदान करना चाहते हैं, वे अपनी सुविधा के अनुसार ब्लड बैंक चुनकर रक्तदान के लिए सीधे एप से अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। भारत सरकार की केंद्रीयकृत ब्लड बैंक प्रबंधन प्रणाली के तहत रक्तकोष एप से सरकारी व निजी ब्लड बैंकों को जोड़ा है। रोज एपल पर रिपोर्ट अपडेट की जा रही है। मोबाइल पर एक क्लिक में ब्लड की उपलब्धता का पता चलने से कम समय में ब्लड मिल रहा है। इससे मरीजों को राहत है। नई व्यवस्था से मेडिकल कॉलेज सहित शहर के सभी मान्यता प्राप्त ब्लड बैंक का डाटा एक ही सर्वर पर आ गया है। डॉक्टरों ने कहा यह तकनीक दुर्घटनाओं या प्रसव के दौरान होने वाली इमरजेंसी में संजीवनी साबित होगी। रक्तकोष एप से सही समय पर सही जगह से रक्त मिलने से मरीजों की जान बचाना आसान हो गया है।
![]()
































