कोरबा। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ द्वारा कर्मचारियों की लंबित व पुरानी पेंशन सहित अन्य मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। 1 जुलाई से आंदोलन के द्वितीय चरण का आगाज हो गया है। आगामी 10 जुलाई को मुख्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन के प्रथम चरण के अंतर्गत क्षेत्रों, उत्पादन इकाइयों व कार्यालयों में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारियों ने स्वेच्छा से अभियान में भाग लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया। महासंघ ने बताया कि आंदोलन के द्वितीय चरण के अंतर्गत 1 से 9 जुलाई तक प्रदेश के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों व उत्पादन इकाइयों में अध्यक्ष छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी के नाम विशाल आमसभा आयोजित कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। जिसकी शुरूआत रायपुर से हो चुकी है। प्रत्येक कार्यक्रम में महासंघ के मुख्य वक्ता उपस्थित रहेंगे, जो कर्मचारियों को आंदोलन की आगामी रणनीति से अवगत कराएंगे। आगामी 10 जुलाई को पॉवर कंपनी मुख्यालय रायपुर में आमसभा, आक्रोश प्रदर्शन व चेतावनी ज्ञापन दिया जाएगा।
![]()
































