कोरबा। सीएसईबी चौकी अंतर्गत एक सूने मकान में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर दो दोपहिया वाहन, सोने के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मकान मालिक घर में ताला लगाकर अपने गांव गई थी। घर की देखरेख के लिए उसने अपनी दोस्त अंजली सिंह को चाबी दी थी। इसी दौरान उसके भाई और माता-पिता भी बिहार के औरंगाबाद जिले स्थित अपने पैतृक गांव गए हुए थे। जब शिकायतकर्ता पटना जंक्शन पर थी, तभी अंजली सिंह ने फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी। कोरबा लौटने पर शिकायतकर्ता ने देखा कि मुख्य दरवाजे और कमरे के ताले टूटे हुए थे। अलमारी का ताला भी टूटा मिला और घर का सामान बिखरा पड़ा था। चोर एक हीरो स्प्लेंडर सी जी 12 बी डब्ल्यू 2329 और एक होंडा एक्टिवा सीजी 12 बी आर 4289 चोरी कर ले गए हैं । दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा अलमारी से एक जोड़ी सोने की बालियां, एक सोने की चेन और नगदी भी चोरी हो गई। नगदी और जेवर की कुल कीमत की जानकारी परिजनों से पूछताछ के बाद स्पष्ट हो पाएगी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 331 (4) और 305 (ए) के तहत मामला दर्ज किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
![]()
































