कोरबा। आबकारी विभाग सुरक्षा के नाम पर लाखों खर्च कर रही है, लेकिन मदिरा दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह लचर है। दुकानों में एक दो की संख्या में सुरक्षाकर्मी की तैनाती की गई है, जिनके लिए भीड़ को काबू करना मुश्किल होता है। इसके चलते आए दिन मारपीट की घटनाएं घटित हो रही है। एक बार फिर मामूली बात को लेकर उपजे विवाद पर युवक के सिर में बोतल फोड़ दिया गया। घटना में युवक को गंभीर चोटें आई है। पुलिस जुर्म दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
घटना सिविल लाइन थानांतर्गत रामपुर मदिरा दुकान की है। बताया जा रहा है कि पुराना कांशीनगर में प्रमोद कुमार यादव निवास करता है। वह बुधवार की शाम करीब 6.0 बजे रामपुर देशी शराब दुकान गया था। वह शराब खरीदी के लिए कतार मे खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक युवक शराब की बोतल लेकर बाहर निकला। उसका पैर प्रमोद के पैर में लग गया। प्रमोद का पैर पहले से चोटिल था, लिहाजा उसने देखकर चलने की बात कह दी। यह बात युवक को नागवार गुजरी। उसने प्रमोद से गाली गलौच करते हुए बोतल सिर में फोड़ देने की धमकी देने लगा। प्रमोद के विरोध करने पर युवक भड़क गया। उसने हाथ में रखे बोतल प्रमोद के सिर पर फोड़ दिया, जिससे उसके सिर व होंट मे गंभीर चोटें आई। घटना को अंजाम देकर युवक फरार हो गया। गौरतलब है कि मदिरा दुकान में यह पहली घटना नही है। इससे पहले भी अलग अलग क्षेत्र में स्थित दुकानों में भी मारपीट के मामले सामने आ चुके हैं। इसके पीछे सुरक्षा व्यवस्था मे खामियों को माना जा रहा है। दरअसल दुकानों में सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारी तैनात किए गए हैं, लेकिन उनकी संख्या एक या दो तक ही सीमित है। वे शराब की बिक्री सुचारू रूप से की जा सके, इसके लिए भीड़ को कतार में खड़े नही करा पाते। जिससे विवाद की स्थिति निर्मित होती है। बहरहाल मामले में प्रमोद की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है।
![]()
































