कोरबा। गांव में दूर दूर से व्यवसायी पहुंचे थे। मेले में खरीदारी के लिए भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। ग्रामीण भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकालने की तैयारी में थे। इसी बीच सड़क हादसे में दो युवक की मौत की खबर ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया। दरअसल स्थानीय युवक बाइक में पेट्रोल डलवाकर लौट रहे थे। वे गांव में कुछ ही किलोमीटर दूर थे कि ट्रेलर के चालक ने बाइक को चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को मर्च्युरी में शिफ्ट कराया। मामले में पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
घटना करतला थानांतर्गत कुदमुरा- तौलीपाली के बीच कोसाबाड़ी के सामने घटित हुई। बताया जा रहा है कि ग्राम चचिया में राहुल टोप्पो 20 वर्ष व पोलेश राठिया 25 वर्ष निवास करते थे। वे बिना नंबर की बाइक में सवार होकर हाटी स्थित पेट्रोप पंप गए थे, जहां से बाइक में पेट्रोल डलवाकर गांव लौट रहे थे। वे कोसाबाड़ी के समीप पहुंचे थे। इसी दौरान करतला की ओर से जा रहे ट्रेलर क्रमांक सीजी 07 बीसी 3566 के चालक ने बाइक को ठोकर मार दिया। ट्रेलर की रफ्तार इतनी तेज थी कि युवक बाइक से छिटककर दूर जा गिरे। घटना में दोनों युवक को गंभीर चोटें आई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रेलर छोड़ फरार हो गया। हादसे की जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही थाने में पदस्थ एसआई कृष्णपाल कंवर व एएसआई अश्वनी निरंकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए दोनों मृतक के शव को मर्च्युरी शिफ्ट कर दिया। इस बीच हादसे की खबर गांव तक पहुंच गई। चूंकि गांव में गुरूवार को भगवान जगन्नाथ का रथयात्रा का आयोजन किया गया था। इसके लिए दूर दराज से व्यवसायी पहुंचे हुए थे। मेले में खरीदारी के लिए भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। ग्रामीण रथयात्रा निकालने की तैयारी में थे,लेकिन हादसे में दो युवक की मौत की खबर ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया। ग्रामीणों ने तत्कालिक तौर पर पूजा कार्यक्रम को स्थगित कर दिया। रथयात्रा के लिए गाजे बाजे भी मंगाए गए थे, जिसे बंद करा दिया गया। बहरहाल पुलिस ने दुर्घटनाकारित वाहन को जप्त कर फरार चालक की तलाश तेज कर दी है।
![]()
































