कोरबा। पुलिस ने अपने ही महकमे के ट्रेनी अफसर के खिलाफ दैहिक शोषण का मामला तो दर्ज कर लिया, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी गिरफ्तारी नही हुई। जिससे ट्रेनी अफसर का हौसला बढ़ गया है। वह न सिर्फ अलग अलग माध्यमों से केस वापस लेने दबाव बना रहा, बल्कि पीड़िता की मां को एसएमएस कर धमकी भी दे रहा है। जिससे परेशान पीड़िता ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग पुलिस अधीक्षक से की है।
कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली एक युवती की जान पहचान वर्ष 2024 में प्रमोद महंत नामक युवक से हुई थी। वे मामूली जान पहचान के बाद एक दूसरे के करीब आ गए। प्रमोद पीड़िता को घूमाने फिराने ले जाने लगा। वह पीड़िता को घूमाने के बहाने ले जमनीपाली ले गया, जहां दुष्कृत्य को अंजाम दिया। इसी तरह रायपुर बुलाकर दैहिक शोषण किया। पीड़िता के शादी के लिए कहने पर गोलमोल जवाब देता रहा। आखिरकार उसने शादी से इंकार कर दिया। जिसकी शिकायत पीड़िता ने 16 जुलाई को दर्री थाना पहुंचकर की। उसकी शिकायत पर पुलिस ने जुर्म तो दर्ज कर लिया, लेकिन सप्ताह भर बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नही की जा सकी। अब आरोपी अलग अलग माध्यम से पीड़िता पर केस वापस लेने दबाव बना रहा है। हद तो यह है कि वह पीड़िता की मां को एसएमएस कर धमकी दे रहा है। जिससे परेशान पीड़िता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची थी। उसने पुलिस अधीक्षक के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। उसने आवेदन में आशंका जताई है कि आरोपी पुलिस विभाग में ही पदस्थ है। लिहाजा दर्री पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने में कोताही बरत रही है। आरोपी शहर में ही घूम रहा है। इसके बावजूद गिरफ्तारी नहीं हो रही है। पीड़िता ने आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
![]()
































