कोरबा। जिले में बाइक चोर गिरोह सक्रिय हैं, जो मौका मिलते ही दोपहिया की चोरी कर रहे हैं। ऐसी ही घटना दर्री क्षेत्र में घटित हुई है, जिसमें चोरों ने दुकान के सामने खड़ी एक्टिवा को पार कर दिया। खासबात तो यह है कि दुकान के आसपास मौजूद लोगों ने कुछ लोगों को संदिग्ध हालत में घूमते देखा था। वही सीसीटीवी कैमरे में भी तस्वीर कैद हुई है। मामले में पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि दर्री थानांतर्गत स्याहीमुड़ी में शेख शहबाज निवास करते हैं। वे अपनी 6 जी डीएलएक्स एक्टिवा क्रमांक सीजी 12 बीएफ 5936 में दोपहर करीब 3.30 बजे दुकान आए हुए थे। वे एक्टिवा को खड़ी कर दुकान के भीतर चले गए। थोड़ी ही देर बाद दुकान से बाहर निकले तो एक्टिवा गायब मिली। उन्होंने आसपास खोजबीन शुरू की। इस दौरान कुछ लोगों ने दो युवक द्वारा एक्टिवा को ले जाते देखे जाने की जानकारी दी। अपने स्तर पर खोजबीन के बाद शेख शहबाज थाना पहुुंचे। उन्होंने पूरे मामले से पुलिस को अवगत कराया। जब दुकान के अलावा मुख्यमार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो एक्टिवा में सवार होकर जा रहे दो युवक की तस्वीर कैद मिली। उनके पीछे बाइक में भी दो युवक चल रहे थे। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को तलब कर पूछताछ की, लेकिन कोई खास जानकारी हाथ नही लगी। पुलिस की पूछताछ के बाद एक संदिग्ध फरार बताया जा रहा है। गौरतलब है कि दर्री क्षेत्र मे बीते कुछ दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं घटित हो रही है। जहां साडा कालोनी स्थित एक निजी अस्पताल के सामने खड़ी एक्टिवा पार हुई थी, वहीं स्याहीमुड़ी के निर्माणाधीन मकान से चोरों ने सामाग्री की चोरी की है। बहरहाल मामले में पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
![]()
































