कोरबा। स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश को लेकर जिले के विद्यार्थियों में इस बार भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से संबद्ध शासकीय व निजी महाविद्यालयों में प्रथम चरण के ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कई कॉलेजों में सीटों से कहीं अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा शासकीय पीजी कॉलेज में देखने को मिली, जहां मात्र 780 सीटों के लिए 1830 विद्यार्थियों ने आनलाइन पंजीयन कराया है। इससे स्पष्ट है कि इस बार भी मेरिट के आधार पर प्रवेश के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा रहेगी। जिले के कुल 24 शासकीय व निजी महाविद्यालयों में बीए, बीएससी, बीकॉम सहित विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों की कुल 7560 सीटें उपलब्ध हैं। इन सीटों के लिए 7592 विद्यार्थियों ने आनलाइन पंजीयन कराया है। हालांकि जिले में कुल आवेदन सीटों से थोड़ा अधिक हैं, लेकिन कई कॉलेजों और विषयों में आवेदन क्षमता से कई गुना अधिक पहुंचे हैं, जबकि कुछ महाविद्यालयों में अभी भी सीटें खाली रहने की संभावना बनी हुई है। शासकीय पीजी कॉलेज को जिले का सबसे प्रतिष्ठित महाविद्यालय माना जाता है। यही कारण है कि यहां बीए, बीएससी (बायो), बीएससी (गणित) तथा बीकॉम में प्रवेश के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। 780 सीटों के मुकाबले 1830 आवेदन आने से प्रत्येक सीट पर औसतन दो से अधिक दावेदार हैं। ऐसे में उच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ही प्रथम सूची में स्थान मिलने की संभावना है। विश्वविद्यालय द्वारा कल प्रथम मेरिट सूची जारी की जाएगी। सूची जारी होने के बाद चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि तक दस्तावेज सत्यापन व प्रवेश शुल्क जमा कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। प्रथम सूची में प्रवेश नहीं मिलने वाले विद्यार्थियों के लिए दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी, जिससे रिक्त सीटों पर प्रवेश का अवसर मिलेगा।इस बार बीएससी बायो, बीएससी गणित, बीकॉम, बीबीए और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में भी विद्यार्थियों की रुचि बढ़ी है। कई कॉलेजों में इन विषयों की सीटों के मुकाबले काफी अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। दूसरी ओर कुछ पारंपरिक विषयों में सीटें रिक्त रहने की संभावना भी जताई जा रही है।
मेरिट पर टिकी विद्यार्थियों की उम्मीद
अब विद्यार्थियों की निगाहें पहली मेरिट सूची पर टिकी हुई हैं। अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को अपनी पसंद के कॉलेज और विषय मिलने की संभावना है, जबकि कम अंक वाले विद्यार्थियों को दूसरी व तीसरी सूची का इंतजार करना पड़ सकता है। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद जुलाई के मध्य से महाविद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं प्रारंभ होने की संभावना है।
![]()
































