कोरबा। तुमान में रहने वाले वृद्ध की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। उसका पुत्र भी गाज की चपेट में आकर मामूली रूप से घायल हो गया। पिता पुत्र ट्रैक्टर चालक के साथ धान बुआई करने खेत गए थे। वे खेती का काम निपटाकर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इस बीच घटना घटित हो गई। परिजन वृद्ध को लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि उरगा थानांतर्गत ग्राम तुमान में मनीराम पटेल 76 वर्ष निवास करता था। वह खेती किसानी का काम करता था। वह और उसका पुत्र धनेश्वर पटेल 36 वर्ष अमर खांडे के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत में धान की बुआई करने गए थे। वे धान की बुआई करने के बाद घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। मनीराम अपने पुत्र के साथ खेत के मेड़ पर बैठा था, जबकि अमर ट्रैक्टर को लेकर थोड़ी दूर खड़ा था। वे खेत से निकलते, इससे पहले मौसम ने करवट ली। बारिश के साथ बिजली चमकने लगी। पिता पुत्र सुरक्षित स्थान पर पहुंचते, इससे पहले आकाशीय बिजली गिर गया। जिसकी चपेट में पिता पुत्र आ गए। थोड़ी देर बाद धनेश्वर को होश आया। उसने देखा तो पिता मनीराम बेसुध पड़ा था। उसे ट्रैक्टर में लिटाकर घर लाया गया, जहां से परिजन इलाज के लिए वृद्ध को लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। अस्पताली मेमों के आधार पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी की है।
![]()
































