कोरबा। नशे में धुत युवक ने अचानक एक वृद्ध पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना को अंजाम देकर युवक भाग निकली। परिजन चीख सुनकर घर से बाहर निकले तो वृद्ध लहुलुहान मिला। उसे आनन फानन डॉयल 112 की मदद से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया है। मामला श्यांग थानांतर्गत ग्राम छुईढोंढ़ा का है। गांव में दिल सिंह राठिया 55 वर्ष निवास करता है। वह खेती किसानी का काम करता है। प्रतिदिन की तरह रविवार की रात दिलसिंह भोजन उपरांत घर के सामने टहल रहा था। इसी दौरान गांव में ही रहने वाला महेत्तर सिंह नशे में धुत होकर पहुंचा। उसने बिना कुछ कहे सुने दिलसिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वह दिल सिंह के जमीन पर गिरते ही मौके से भाग निकला। परिजन चीख सुनकर घर से भागते हुए बाहर निकले, तो बुजुर्ग लहुलुहान हालत में पड़ा मिला। कुल्हाड़ी के हमले से उसके हाथ में गंभीर चोटें आई थी। घटना की सूचना परिजनों ने डॉयल 112 को दी। डॉयल 112 की टीम ने घायल को इलाज के लिए करतला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया, जहां से उसे सघन उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। मामला संज्ञान में आने पर सोमवार को श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे अपनी टीम के साथ मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने अस्पताल में भर्ती पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया है। मामले में विवेचना की जा रही है।
![]()
































