कोरबा। दिनभर तेज धूप के बाद शाम को बादल घिर आए। गरज चमक के साथ जमकर बारिश हुई। इस बीच जिले में भारी बारिश व थंडर स्ट्रोम का अलर्ट मैसेज मोबाइलों में आया। एक साथ मोबाइलों में अलर्ट मैसेज बजने लगे। भारी बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। खेती किसानी ने भी जोर पकड़ लिया है। जून में अच्छी बारिश नहीं होने से किसान परेशान रहे। जुलाई में हुई अच्छी बारिश ने जून का भी कोटा पूरा कर दिया है। हालांकि बारिश थमते ही उमस भरी गर्मी का एहसास होने लगता है। सोमवार को भी सुबह से धूप खिली रही। लोग दिनभर उसम भरी गर्मी से परेशान रहे। शाम होते ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया था। अलर्ट के अनुरूप लगभग एक से दो घंटे तक बारिश होती रही। लगातार बारिश से सडक़ों पर पानी भरा रहा। वहीं निचली बस्तियों से भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। जिले में 24 घंटे के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश होने की संभावना जाहिर की है।
बाक्स
बिजली आपूर्ति रही बाधित
गरज चमक के बीच हुई भारी बारिश के कारण शहर, उपनगरीय क्षेत्र व ग्रामीण इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में लगभग एक घंटे तक बिजली गुल रही। इसके अलावा शहर के अन्य इलाकों में भी बिजली की आवाजाही का क्रम बना रहा। बालको क्षेत्र में भी पिछले कुछ दिनों से ट्रिपिंग की समस्या बढ़ी हुई है। बारिश के दौरान भी क्षेत्र में आपूर्ति बंद रहने से लोग परेशान रहे।
बाक्स
497.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज
जिले में एक जून से 27 जुलाई तक कुल 497.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख की जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील कोरबा में 521 मिलीमीटर, अजगरबहार 355.8, भैंसमा, 438.4, करतला 447.3, बरपाली 531.9, कटघोरा 501.1 दीपका 533.2, दर्री 644.3, पाली 518.8, हरदीबाजार 417.2, पोंड़ीउपरोड़ा 540.4, और पसान तहसील में 521.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
——–
![]()
































