कोरबा। जिले में सांपों का रेस्क्यू करने वालों की बाढ़ आ गई है। अपनी जान जोखिम में डाल लोग अलग अलग क्षेत्र में पहुंचकर रेस्क्यू अभियान को भी अंजाम दे रहे हैं। इनमें कुछ ऐसे भी हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया में नाम व नंबर सहित रेस्क्यू करने वालों का प्रचार प्रसार भी शुरू कर दिया है। मामला संज्ञान में आने के बाद वन अफसर हरकत में आ गए हैं। वन विभाग की ओर से हेल्प लाइन नंबर सहित रेस्क्यू के लिए अधिकृत टीम को घोषणा कर दी गई है। यदि अनाधिकृत रूप से सांप अथवा अन्य वन्यजीव का रेस्क्यू किया जाता है, तो कार्रवाई की जा सकती है। जिले का जंगल जैव विविधताओं से परिपूर्ण हैं। जंगल में विभिन प्रजाति के जीव जंतु विचरण करते हैं, जिनमें किंग कोबरा, गेहूआं सहित अलग अलग प्रजाति के सांप भी शामिल हैं। बीते कुछ सालों से जिले में सांपों की संख्या बढ़ी है, जो अक्सर घरों के आसपास, सड़क अथवा बस्ती के आसपास रेंगते देखे जाते हैं। जिसे पकड़ने अप्रशिक्षित लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शहरी, उप नगरीय व ग्रामीण अंचल में सांप का रेस्क्यू करने टीम तैयार कर लिया गया है। टीम के सदस्य सूचना मिलते ही कहीं भी कभी पहुंचकर सांपों का रेस्क्यू कर लेते हैं, उनके द्वारा रेस्क्यू कर वीडियों और फोटो सोशल मीडिया में वायरल किया जाता है। हाल में भी रेस्क्यू टीम के सदस्यों की सूची नाम व नंबर सहित सोशल मीडिया में वायरल हो रहा था। वायरल सूची में दर्ज नंबरों पर रेस्कयू के लिए तत्काल संपर्क करने की अपील की जा रही थी। वन विभाग में सोशल मीडिया में जारी अपील के संबंध में जानकारी एकत्रित की तो पता चला कि यह सूची शिव फाउंडेशन नामक संस्था द्वारा जारी की गई थी, जो विभाग से अधिकृत नही था। मामले को डीएफओ प्रेमलता यादव ने गंभीरता से लिया है। उनके निर्देश पर उप वनमंडलाधिकारी सूर्यकांत सोनी ने अधिकृत टीम से ही सांप सहित अन्य वन्यजीव का रेस्क्यू की अपील की है। वन अफसरों का कहना है कि बिना विभागीय अनुमति व आवश्यक प्रशिक्षण वन्यजीवों का रेस्क्यू विधि सम्मत नही है। ऐसे मामलों में अनहोनी की आशंका बनी रहती है। विभागीय अफसरों ने भ्रामक संदेश या अपुष्ट जानकारी साझा नही करने की अपील की है। इसके साथ ही सर्प अथवा वन्यजीव का रेस्क्यू करने नोवा नेचर के सदस्य जितेंद्र सारथी को अधिकृत किया गया है। साथ ही रेस्क्यू के लिए हेल्प लाइन नंबर भी जारी किया गया है।
![]()
































