कोरबा। एसईसीएल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल,मई,जून) में रिकार्ड प्रदर्शन किया है। एसईसीएल ने तिमाही में 44.1 मिलियन टन कोयला का उत्पादन किया है। जिसमें कोरबा जिला की बड़ी भागीदारी रही है। जिले के खदानों ने पहले तीन माह में 31.28 मिलियन टन कोयला खनन किया है। जिसमें जिले के तीनों मेगा परियोजना की बड़ी भूमिका रही है। मौजूदा वित्तीय वर्ष में एसईसीएल को कुल 195 मिलियन टन कोयला उत्पादन का टारगेट है। इस टारगेट को हासिल करने एसईसीएल को पहली तिमाही में 49.59 मिलियन टन कोयला उत्पादन करना था। इसके मुकाबले कंपनी ने कुल 44.1 मिलियन टन कोयला खनन किया है। जिसमें कोरबा की खदानों से 31.28 मिलियन टन कोयला खनन किया गया है। रिकार्ड प्रदर्शन में गेवरा, दीपका व कुसमुंडा एरिया की दमदार भूमिका रही है। गेवरा एरिया को सालाना 59 मिलियन टन कोयला उत्पादन का टारगेट है। पहले तीन में एरिया से 10.48 मिलियन टन कोयला खनन किया गया है। दीपका से 10.24 मिलियन टन कोयला उत्पादन हुआ है। एरिया ने तिमाही लक्ष्य से अधिक खनन किया है। कुसमुंडा एरिया ने भी गत वित्तीय वर्ष के खराब प्रदर्शन से उबरते हुए 8.73 मिलियन टन कोयला खनन कर लिया है। कोरबा एरिया ने 1.83 मिलियन टन कोयला खनन का योगदान दिया है। कोयले के मैकेनाइज्ड व पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में भी एसईसीएल ने उल्लेखनीय प्रगति की है। पहली तिमाही के दौरान कंपनी ने फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी (एफएमसी) प्रणाली के माध्यम से 19.58 मिलियन टन कोयले का प्रेषण किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 19.7 प्रतिशत अधिक है। एफएमसी आधारित साइलो लोडिंग प्रणाली तेज, स्वच्छ व धूलरहित कोयला परिवहन को बढ़ावा दे रही है।एसईसीएल ने वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में कोयला उत्पादन, प्रेषण (आफटेक) तथा ओवरबर्डन रिमूवल (ओबीआर) तीनों प्रमुख परिचालन मानकों पर अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है। पहली तिमाही के दौरान एसईसीएल ने 44.10 मिलियन टन कोयला उत्पादन किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 7.19 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में कंपनी का कुल कोयला प्रेषण 48.79 मिलियन टन रहा, जिसमें 5.29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, ओवरबर्डन रिमूवल (ओबीआर) 99.36 मिलियन घन मीटर रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.62 प्रतिशत अधिक है।
जून में सर्वाधिक मासिक प्रदर्शन का बना रिकार्ड
जून का महीना भी एसईसीएल के लिए ऐतिहासिक रहा। माह में कंपनी ने अब तक का सर्वाधिक मासिक कोयला उत्पादन व प्रेषण दर्ज किया। साथ ही 34.05 मिलियन घन मीटर ओबीआर कर नया रिकॉर्ड बनाया, जो निर्धारित मासिक लक्ष्य से लगभग 10 प्रतिशत अधिक तथा जून 2025 की तुलना में 17.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। ओबीआर में यह रिकॉर्ड प्रदर्शन आने वाले महीनों में उत्पादन की गति को बनाए रखने के लिए मजबूत परिचालन आधार प्रदान करेगा।
सभी खदानों में मानसून की व्यापक तैयारियां : दुहन
एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि कोयला उत्पादन, प्रेषण व ओवरबर्डन रिमूवल के क्षेत्र में पहली तिमाही का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हमारे कर्मियों की प्रतिबद्धता और परिचालन उत्कृष्टता के प्रति हमारी सतत प्रतिबद्धता का परिणाम है। एफएमसी आधारित कोयला लोडिंग में उल्लेखनीय वृद्धि दक्ष व सतत खनन पद्धतियों को अपनाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मानसून को देखते हुए हमारी सभी खदानों में व्यापक तैयारियां पहले ही सुनिश्चित की जा चुकी हैं। निर्बाध कोयला आपूर्ति के माध्यम से देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
पहली तिमाही में जिले की खदानों का प्रदर्शन
एरिया लक्ष्य उत्पादन
कोरबा 8.14 1.83
कुसमुंडा 39 8.73
गेवरा 59 10.48
दीपका 40 10.24
(आंकड़े मिलियन टन में)
![]()
































