कोरबा। तरदा के समीप एक अधेड़ घायलावस्था में पड़ा मिला। उसे संजीवनी एक्सप्रेस की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां उपचार के दौरान अधेड़ की मौत हो गई। मृतक के शव को मर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस शिनाख्ती का प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि उरगा थानांतर्गत ग्राम तरदा के ग्रामीण 28 जुलाई मुख्यमार्ग की ओर आए हुए थे। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे घायलावस्था में पड़े अधेड़ पर गई। मामले की सूचना ग्रामीणों ने संजीवनी एक्सप्रेस को दी। संजीवनी कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधेड़ को इलाज के लिए अस्पताल दाखिल कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य कर्मी परिजनों की गैर मौजूदगी में मृतक की देखरेख कर रहे थे। लिहाजा उसके शव को मर्च्युरी में शिफ्ट किया गया है। मेमों मिलने पर अस्पताल पुलिस ने मृतक की शिनाख्ती का प्रयास तेज कर दिया है। पुलिस की मानें तो मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष होगी। उसका रंग सांवला व सिर पर कम बाल हैं। वह खाकी रंग का टी शर्ट पहना हुआ है। उसकी पहचान के लिए कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले के अलावा पड़ोसी जिलों की थाना चौकियों में इत्तिला दी गई है।
![]()
































