कोरबा। पति पत्नी ने एक साथ बैठकर जाम झलकाया, जब नशा सिर पर चढ़ा तो उनके बीच आधी रात तक विवाद चलता रहा। नशे में धुत पति ने बांस के डंडे से पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। उसे गलती का अहसास होता, तब तक पिटाई से घायल विवाहिता की मौत हो चुकी थी। आरोपी रोते बिलखते हुए मौके पर ही बैठा रहा। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया है। घटना उरगा थानांतर्गत ग्राम भैंसामुड़ा की है। बताया जा रहा है कि मड़वारानी में रहने वाली अगहन बाई 32 वर्ष अपने पति परदेशी धनवार के साथ मामा के गांव भैसामुड़ा में रह रही थी। पति पत्नी रोजी मजदूरी कर जीविकापार्जन करते आ रहे थे। दोनों ही एक साथ बैठकर शराब का सेवन करते थे। रविवार की रात भी पति पत्नी ने एक साथ शराब का सेवन किया, इसके बाद किसी बात को लेकर उनके बीच बहस शुरू हो गया, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गया। वे आधी रात तक आपस में ही झगड़ते रहे। रात करीब तीन बजे परदेशी ने तैस में आकर पत्नी की बांस के डंडे से पिटाई शुरू कर दी। जिससे विवाहिता लहुलुहान हो गई। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी ग्रामीणों को तब लगी, जब सोमवार की सुबह परदेशी के रोने बिलखने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीण घर के भीतर पहुंचे तो नजारा देख उनके होश उड़ गए। घर के भीतर विवाहिता की रक्तरंजित लाश पड़ी हुई थी, जमीन पर बिछी चटाई खून से सनी हुई थी। परदेशी शव के समीप बैठकर रो रहा था। उसने परिजन और ग्रामीणों को सारी कहानी बयां कर दी। सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इस दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस की लाठी को भी बरामद कर लिया गया। मामले में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।
![]()
































