कोरबा। एसईसीएल कोरबा एरिया की मानिकपुर ओपन कास्ट के क्षमता विस्तार प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने जनसुनवाई को हरी झंडी दे दी है। खदान का विस्तार 5.25 से बढ़ाकर 7 मिलियन टन प्रतिवर्ष करने का प्रस्ताव है। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के मानिकपुर ओपनकास्ट एक्सपेंशन प्रोजेक्ट के क्षमता विस्तार को लेकर पर्यावरण स्वीकृति प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल (सीईसीबी) ने परियोजना की लोक सुनवाई की अधिसूचना जारी कर दी है। जारी नोटिस के अनुसार मानिकपुर ओपनकास्ट परियोजना की उत्पादन क्षमता 5.25 मिलियन टन प्रतिवर्ष से बढ़ाकर 7 मिलियन टन प्रतिवर्ष करने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही परियोजना क्षेत्रफल को 1018.925 हेक्टेयर से बढ़ाकर 1031.507 हेक्टेयर किया जाएगा। खदान विस्तार से कई गांव प्रभावित होंगे। जिन्हें जनसुनवाई में अपनी आपत्ति व सुझाव रखने का मौका मिलेगा। मानिकपुर खदान कोरबा एरिया की सबसे अधिक उत्पादन करने वाली माइंस है। कोरबा एरिया का अधिकतम कोयला मानिकपुर से ही खनन हो रहा है। परियोजना के विस्तार से कई गांव प्रभावित होंगे। इनमें मुख्यत: भिलाईभांठा, दादर, मानिकपुर, इमलीडुग्गू सहित अन्य गांव शामिल हैं, जिसमें पर्यावरण स्वीकृति के लिए जनसुनवाई अनिवार्य प्रक्रिया का हिस्सा है।
21 अगस्त को होगी जनसुनवाई
अधिसूचना के अनुसार परियोजना से संबंधित लोक सुनवाई 21 अगस्त सुबह 11 बजे कल्याण मंडप मानिकपुर साप्ताहिक बाजार के पास आयोजित की जाएगी। प्रभावित क्षेत्र के नागरिक, जनप्रतिनिधि व अन्य हितधारक परियोजना से संबंधित आपत्तियां, सुझाव और टिप्पणियां जनसुनवाई में प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके अलावा अधिसूचना जारी होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर भी क्षेत्रीय कार्यालय में लिखित आपत्तियां जमा की जा सकती हैं।
![]()
































