कोरबा। जिले में साधु से मारपीट के बाद 22 हजार लूट का सनसनी खेज मामला सामने आया है। पीड़ित साधु मंदिर से घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने रास्ता रोककर वारदात को अंजाम दे दिया। मामले में पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है। घटना पाली थानांतर्गत परसदा मार्ग की है। बताया जा रहा है कि गांव के किसी ग्रामीण के मकान में साधु अरूण पाठक निवास करते हैं। वे रतनपुर के गिरजाबंद मंदिर से जुड़े हुए हैं। साधु प्रतिदिन मंदिर से घर आना जाना करते हैं। वे गुरूवार की रात मंदिर से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाश साधु से मारपीट करने लगे। साधु ने उनसे मारपीट नहीं करने की गुजारिश भी की, लेकिन बदमाशों ने उनकी एक नहीं सुनी। वे साधु के जेब में रखे 22 हजार रूपए नगदी रकम को लूटकर फरार हो गए। इस बीच साधु ने दो बदमाशों को पहचान लिया था। वे सीधे थाना पहुंचे, जहां उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दी। साधु की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
![]()
































