कोरबा। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक कम्प्युटर दुकान के भीतर घुस गया। उसने संचालक से गाली गलौच करते हुए मारपीट कर दी। इस दौरान डेस्क में रखे कांच और रिपेयर के लिए आए दो लैपटॉप को भी जमीन पर पटककर क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। घटना सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत राम जानकी मंदिर के सामने बुधवारी बस्ती की है। यहां अमन सोनी जीनियस कम्प्युटर सेंटर का संचालन करता है। किसी बात को लेकर उसका विवाद कैलाश अग्रवाल से चला आ रहा था। अमन अपने दुकान में काम कर रहा था। इसी दौरान कैलाश दुकान के भीतर जा धमका। उसने अमन से गाली गलौच शुरू कर दी। उसके विरोध जताने पर कैलाश मारपीट में के लिए उतारू हो गया। उसने कम्प्युटर सेंटर के संचालक से मारपीट करते हुए डेस्क के कॉच को तोड़ दिया। इसके अलावा रिपेयरिंग के लिए आए दो लैपटॉप को जमीन पर पटक दिया, जिससे लैपटॉप क्षतिग्रस्त हो गया। अमन का कहना है कि कैलाश के पुत्र अक्षत का चेक बाउंस संबंधित प्रकरण पहले से न्यायालय में विचाराधीन है। मामले को वापस लेने दबाव बनाने के लिए मारपीट व तोड़फोड जैसी घटना को अंजाम दिया गया है। उसका कहना है कि घटना के तत्काल बाद वह लिखित आवेदन लेकर सीएसईबी पुलिस चौकी पहुंचा था, जहां से उसे कल आने की बात कहकर लौटा दिया गया। उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन पेश कर न्याय की गुहार लगाई है।
![]()
































