कोरबा। माँ के निधन और अंतिम संस्कार का झूठा झांसा देकर 40 हजार रुपए की ठगी करने वाले दो साइबर ठगों को कोरबी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी मिलकर मोबाइल नंबरों और फर्जी खातों का इस्तेमाल कर लोगों को इमोशनल ब्लैकमेल या झांसा देकर पैसे ऐंठते थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया है। पीड़ित सुरेश चंद्र जायसवाल (52) निवासी कोरबी ने 3 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, 29 मई की सुबह उनके मोबाइल पर एक अज्ञात कॉल आया। कॉलर ने खुद को उनका परिचित बताया और झांसा दिया कि उसकी मां का निधन हो गया है, जिसके अंतिम संस्कार के लिए तुरंत 40 हजार की जरूरत है। आरोपी ने मोबाइल पर एक क्यूआर कोड भेजा। पीड़ित ने परिचित की मदद समझकर तुरंत 40 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। बाद में शक होने पर जब पीड़ित ने अपने वास्तविक परिचित से संपर्क किया तो ठगी का खुलासा हुआ। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोबाइल नंबर और संबंधित बैंक खातों की तकनीकी जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि ठगी की राशि जांजगीर-चांपा निवासी आकाश यादव के एक्सिस बैंक खाते में ट्रांसफर हुई थी। कड़ियों से कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को धर-दबोचा। जांजगीर-चांपा जिले के थाना अकलतरा क्षेत्र के ग्राम उरखुमा निवासी आकाश यादव (28) उरगा थाना क्षेत्र बीरतराई निवासी मयंक चौहान (22) को गिरफ्तार किया।
![]()
































