कोरबा। जिले में अपराध का ग्राफ एकाएक बढ़ गया है। अपराधी कहीं लूट, चोरी तो कहीं सरेराह हत्या व हत्या के प्रयास जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। अब बंधक बनाकर बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। जिसमें दंपत्ति नाबालिग पुत्र के साथ मिलकर पूरी रात युवक की पिटाई करते रहे। इस दौरान उसके बाएं हाथ को भी तोड़ दिया। किसी तरह घटना की जानकारी होने पर पहुंचे दोस्त ने पीड़ित को डॉयल 112 की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत पीपर पारा कोहड़िया में घटित हुई है। बताया जा रहा है कि चार पारा कोहड़िया में विकास दुबे निवास करता है। वह मोबाइल शॉप का संचालन करता है। उसका लेनदेन को लेकर एक नाबालिग से विवाद चला आ रहा था। जिसके चलते नाबालिग ने बीते माह विकास के गले में चाकू से हमला कर दिया था, जिसकी रिपोर्ट पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई थी। घटना के बाद से नाबालिग और उसके परिजन मौके की तलाश में थे। गुरूवार की रात किसी काम से विकास पीपरपारा की ओर गया था। इसी दौरान नाबालिग और उसके परिजनों ने युवक को पकड़ लिया। वे पूरी रात बंधक बनाकर विकास की पिटाई करते रहे। इस दौरान हाथ मुक्के के अलावा लाठी और रॉड से भी हमला किया गया। इस हमले में विकास के सिर, दोनों पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई। उसका बायां हाथ कंधे से टूट गया। उस पर सुबह लोगों की नजर पड़ी। उन्होंने घटना की जानकारी विकास के दोस्त और रिश्तेदार निगम कालोनी कोहड़िया निवासी आकर्षण तिवारी को दी। वह मौके पर पहुंचा तो विकास घायलावस्था में पड़ा हुआ था। आकर्षण ने नाबालिग से पूछताछ की तो उसने अपने पिता के साथ घर के बाहर होने की बात कहीं। उसने कुछ लोगों के द्वारा विकास की पिटाई करने की जानकारी दी। उसने विकास को डॉयल 112 की मदद से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मामला संज्ञान में आते ही आला अफसरों ने कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। मामले में पुलिस जुर्म दर्ज कर विवेचना कर रही है। सीएसईबी पुलिस ने अस्पताल में भर्ती विकास कुमार दुबे के खिलाफ छेड़छाड़ का प्रकरण पंजीबद्ध किया है। यह एफआईआर एक महिला की रिपोर्ट पर दर्ज की गई है। उसने पुलिस से शिकायत की है कि विकास रात करीब दस बजे उसके घर जा घुसा। वह महिला के साथ अभद्रता करने लगा। उसने विकास के साथ लोहे के डंडे से मारपीट की बात भी स्वीकार की है। हालांकि युवक की हालत को देखते हुए उसके अकेले की पिटाई की बात नही पच रही।
![]()
































