कोरबा। निजी अस्पताल में भर्ती अपने डेढ़ किलो वजनी नवजात को छोडक़र अचानक लापता हुई 27 वर्षीय प्रसूता की दूसरे दिन अस्पताल से करीब 500 मीटर दूर झाडिय़ों में फांसी के फंदे पर लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कांता केंवट के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
जानकारी के अनुसार कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी निवासी अजय केंवट की पत्नी कांता को प्रसव पीड़ा होने पर 10 सितंबर को कटघोरा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सर्जरी के बाद उसने बच्चे को जन्म दिया। नवजात का वजन करीब डेढ़ किलो होने के कारण उसे कमजोर हालत में अस्पताल में ही उपचार के लिए रखा गया था। बताया गया कि सोमवार शाम करीब 7 बजे अजय खाना लेने बाहर गया था, जबकि उसकी मां भी किसी काम से चली गई थी। इसी दौरान कांता नवजात को अस्पताल में छोडक़र अचानक बाहर निकल गई। कुछ देर बाद उसके नहीं मिलने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। देर रात तक पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। मंगलवार दोपहर अस्पताल से करीब 500 मीटर दूर कोरबा मार्ग पर मैदान के समीप झाडिय़ों में कांता की लाश फंदे पर लटकती मिली। उसने गिलोय की बेल में गमछे के सहारे फांसी लगाई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में कांता के अस्पताल से बाहर निकलने की तस्वीर पुलिस को मिली है। पुलिस अब उसके अस्पताल से निकलने के बाद की गतिविधियों और आत्मघाती कदम उठाने के कारणों की जांच कर रही है।घटना के बाद परिजनों के बीच चर्चा है कि प्रसव और नवजात के उपचार को लेकर वह मानसिक तनाव में थी और अस्पताल के खर्च को लेकर परेशान थी। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने खर्च की वजह से परेशानी की बात से इनकार किया है। अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि कांता को 13 सितंबर को ही छुट्टी दे दी गई थी। नवजात कमजोर होने के कारण उसका उपचार अस्पताल में चल रहा था, इसलिए वह पति और अन्य परिजनों के साथ अस्पताल में ही रुकी हुई थी। उसके अचानक चले जाने की सूचना पुलिस को दी गई थी। उन्होंने बताया कि प्रसव और नवजात के उपचार का खर्च आयुष्मान योजना के तहत किया गया है। पुलिस के अनुसार आत्महत्या के वास्तविक कारण का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। मामले में पुलिस परिजनों के बयान लेने के साथ अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है।
![]()
































