कोरबा। पुलिस गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने कवायद में लगी हुई है, इधर चोर सक्रिय हो गए हैं। उन्हें पूजा पंडालों में लगने वाली भीड़ का भी परवाह नही है। चोरी की ऐसी ही घटना सामने आई है, जिसमें चोरों ने गणेश पंडाल से महज दस कदम दूर एक सूने मकान में धावा बोल दिया। शातिर चोरों ने आलमारी का लॉकर तोडक़र नगदी के अलावा सोने चांदी के जेवर पर हाथ साफ कर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है।
घटना सिविल लाइन थानांतर्गत रामपुर देशी शराब दुकान के सामने बसी बस्ती की है। बताया जा रहा है कि बस्ती में कौशिल्या बरेठ निवास करती है। वह अपनी बेटी आरती बरेठ के साथ तीजा मनाने बहन के घर चली गई। घर में उसका पुत्र था, जो नाइट शिफ्ट में ड्यूटी चला गया। वह ड्यूटी कर सुबह घर पहुंचा तो दरवाजे में लगा ताला टूटा मिला। उसने भीतर जाकर देखा तो सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। शातिर चोरों ने आलमारी के लॉकर को तोडक़र उसमें रखे नगदी रकम के अलावा सोने चांदी के जेवर को पार कर दिया था। शातिर चोरों ने कमरे के भीतर गुटखा खाया था। जिससे कमरे के भीतर गंदगी पसरा हुआ था। जब वह घटना की जानकारी देने घर से बाहर निकला तो पता चला कि चोरों ने चोरी को अंजाम देने से पहले पड़ोसियो के मकान के दरवाजे को भी बाहर से बंद कर दिया था, ताकि खटपट की आवाज सुनने पर भी वे बाहर न आ सकें। पड़ोसियों ने आसपास के लोगों को फोन से दरवाजा बाहर से बंद होने की जानकारी दी, तब कहीं जाकर वे बाहर निकले थे। घटना की सूचना पीडि़त परिवार ने पुलिस को दी है। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है।
![]()
































