कोरबा। गणेश उत्सव के अवसर पर कटघोरा नगर इन दिनों पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आ रहा है। शहर के विभिन्न स्थानों पर सजे भव्य गणेश पंडाल श्रद्धालुओं और दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। खासकर ‘कटघोरा के राजा’ और ‘कटघोरा के महाराजा’ के भव्य आयोजन की चर्चा नगर से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक हो रही है। शाम होते ही गणेश प्रतिमाओं के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और परिवार नगर पहुंच रहे हैं। भव्य सजावट, आकर्षक झांकियां, रंग-बिरंगी रोशनी और लेजर लाइट शो से शहर का माहौल मेले जैसा नजर आ रहा है।

जय देवा गणेश उत्सव समिति द्वारा हॉस्पिटल चौक के समीप स्थापित कटघोरा के राजा का पंडाल इस वर्ष विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। समिति द्वारा पिछले कई वर्षों से गणेश प्रतिमा स्थापित की जा रही है, लेकिन पिछले चार वर्षों से आयोजन को विशेष भव्यता प्रदान की जा रही है। इस वर्ष पंडाल को उज्जैन के महाकाल मंदिर की थीम पर तैयार किया गया है। करीब 101 फीट ऊंचे भव्य पंडाल में 21 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। इसके साथ ही 21 फीट ऊंची नंदी की प्रतिमा भी श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही है।
झांकियां और लेजर शो बढ़ा रहे आकर्षण
पंडाल के भीतर धार्मिक थीम पर आधारित विभिन्न झांकियां तैयार की गई हैं। शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी और अत्याधुनिक लेजर लाइट शो से पूरा परिसर जगमगा उठता है। भव्य गणेश प्रतिमा, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। उत्सव स्थल पर बाहर से आए दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें सजा ली हैं, जिससे नगर में गणेश उत्सव का माहौल और अधिक जीवंत हो गया है।
![]()
































